लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को देश भर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। सियासी गलियारों से लेकर आम जनता तक, हर कोई सीएम योगी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना कर रहा है।
उत्सव जैसा माहौल, उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। राजधानी के कई हिस्सों में समर्थकों ने सीएम योगी की भव्य आरती उतारकर उनके यशस्वी जीवन के लिए प्रार्थना की। सोशल मीडिया पर भी #YogiAdityanath ट्रेंड कर रहा है, जहाँ लोग उनके नेतृत्व और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने की विकास कार्यों की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर बधाई संदेश देते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। राज्य की प्रगति के लिए उनके उल्लेखनीय कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने हमेशा लोगों के जीवन स्तर में सुधार और सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित किया है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूँ।”
नेताओं ने की नेतृत्व की प्रशंसा
जन्मदिन के अवसर पर दिग्गज नेताओं ने सीएम योगी की कार्यशैली और उनके नेतृत्व की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व को सराहा और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की ईश्वर से प्रार्थना की।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने योगी आदित्यनाथ को ‘लोकप्रिय एवं कर्मठ’ मुख्यमंत्री बताते हुए लिखा कि उनके दृढ़ संकल्प के कारण आज यूपी सुरक्षा और सुशासन के पथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सीएम योगी के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ्य व दीर्घायु होने की कामना की।
सांसदों और अभिनेताओं का संदेश
मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने सीएम योगी के साथ अपने जुड़ाव को साझा करते हुए कहा कि, “मुख्यमंत्री जी हमेशा मेरे संसदीय क्षेत्र मथुरा के विकास के लिए मददगार रहे हैं और हमारा विजन एक समान है।” वहीं, गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी उनके उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 54वां जन्मदिन न केवल उनके समर्थकों के लिए एक उत्सव है, बल्कि यह उनके द्वारा प्रदेश में लाए गए बड़े प्रशासनिक और ढांचागत परिवर्तनों के प्रति एक सम्मान का प्रतीक भी है।


