यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के ‘बिगड़े बोल’ पड़े भारी, महोबा में दर्ज हुआ केस; साथ में 30 समर्थक भी नामजद

Regional

महोबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी करना उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को भारी पड़ गया है। विवादित बयान देने के बाद अब उनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। महोबा पुलिस ने अजय राय और उनके निवर्तमान प्रदेश सचिव बृजराज सिंह सहित 30 समर्थकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

​अधिवक्ता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

जानकारी के अनुसार, यह मामला तब तूल पकड़ा जब अधिवक्ता नीरज रावत ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अजय राय और उनके साथियों ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के खिलाफ बेहद अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया है।

अधिवक्ता का कहना है कि ऐसी अभद्र भाषा से न केवल सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा पैदा हुआ है, बल्कि इससे आम जनमानस की भावनाएं भी बुरी तरह आहत हुई हैं। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अजय राय और उनके समर्थकों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीएम योगी और भाजपा नेताओं ने किया था कड़ा पलटवार

अजय राय का यह विवादास्पद बयान सामने आते ही प्रदेश की सियासत में उबाल आ गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए अजय राय पर जमकर निशाना साधा था। भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक कुसंस्कारों का परिणाम बताया था।

क्या था पूरा मामला?

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को महोबा के दौरे पर थे। यहाँ वे एक पीड़ित छात्रा से मुलाकात करने पहुँचे थे और घटनाक्रम की जानकारी ली थी। हालांकि, पीड़ित परिवार से मिलकर लौटने के बाद का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

इसी वीडियो में अजय राय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए सुना गया, जिसने पूरे मामले को एक बड़े कानूनी और राजनीतिक विवाद में बदल दिया। अब इस FIR के बाद कांग्रेस अध्यक्ष की मुश्किलें और अधिक बढ़ सकती हैं।