बंगाल के रण में गरजे CM योगी: “यूपी में सब चंगा है, अब बंगाल में दंगाइयों का उपचार करेगी भाजपा”

National

सोनामुखी (पश्चिम बंगाल): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बंगाल की धरती से ममता बनर्जी सरकार और वामपंथी दलों के खिलाफ शंखनाद कर दिया। सोनामुखी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने साफ कहा कि बंगाल में अब ‘खेला’ खत्म होने का समय आ गया है और भाजपा की जीत के साथ ही विकास का नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने राज्य में हो रही हिंसा का जिक्र करते हुए वादा किया कि यूपी की तर्ज पर बंगाल में भी अपराधियों और दंगाइयों का ‘पक्का इलाज’ किया जाएगा।

​”दंगाइयों का उपचार केवल भाजपा के पास”

सीएम योगी ने टीएमसी के शासन को ‘गुंडागर्दी का तांडव’ करार देते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं सुमन, स्वरूप घोष और उत्पल दास पर हुए हमलों का जिक्र किया। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा, “दिल्ली में मोदी जी हैं, अब बंगाल में भी भाजपा की सरकार लाइए। ये डबल इंजन सरकार दंगाइयों और अराजक तत्वों को सीधा कर देगी। जो हाल 9 साल पहले यूपी का था, वही आज बंगाल का है। हमने यूपी में गुंडों को जहन्नुम भेज दिया, अब बंगाल की बारी है।”

तुष्टिकरण और दलित हत्या पर ममता को घेरा

मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि बांग्लादेश में एक दलित हिंदू की हत्या पर ‘दीदी’ इसलिए खामोश रहीं क्योंकि उन्हें अपना मुस्लिम वोटबैंक खिसकने का डर था। उन्होंने चेतावनी दी कि टीएमसी, कांग्रेस और वामपंथी दल बंगाल की जनसांख्यिकी (Demography) को बदलना चाहते हैं। योगी ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन आयोजनों में बाधा डालना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

किसानों की बदहाली और आर्थिक गिरावट पर प्रहार

योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की गिरती अर्थव्यवस्था पर दुख जताते हुए कहा कि जिस राज्य ने कभी भारत की जीडीपी में बड़ा योगदान दिया था, उसे टीएमसी और वामपंथियों ने ‘कंगाल’ कर दिया है। उन्होंने आलू किसानों का उदाहरण देते हुए कहा, “यूपी में किसानों को 15-16 रुपये प्रति किलो का भाव मिल रहा है, जबकि बंगाल का किसान मात्र डेढ़ रुपये में फसल बेचने को मजबूर है। यहाँ की सरकार गुंडों को पाल रही है और अन्नदाता कर्ज के बोझ तले दबा है।”

राष्ट्रनायकों की धरती पर परिवर्तन का आह्वान

अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्रनायकों को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस धरती ने ‘वंदे मातरम’ का मंत्र दिया और ‘गर्व से कहो हम हिंदू हैं’ का भाव जगाया, उसे टीएमसी ने अराजकता की भूमि बना दिया है। उन्होंने सोनामुखी से दिबाकर घरामी, इंडास से निर्मल धारा और बरजोड़ा से बिलेश्वर सिंघा को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि बंगाल अब परिवर्तन की राह पर चल पड़ा है।