आगरा: ताजनगरी में सेवा और समर्पण का एक नया इतिहास रचा गया है। भारत विकास परिषद ‘निकुंज’ शाखा द्वारा कमला नगर स्थित अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित 13वें महा रक्तदान शिविर ने अपने ही पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। इस वर्ष परिषद ने 1000 यूनिट रक्त संग्रह कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। शिविर का माहौल किसी उत्सव जैसा नजर आया, जहाँ युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर आहुति दी।
दिग्गजों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह
शिविर का भव्य शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने परिषद के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए इसे ‘जीवनदान का महाकुंभ’ बताया।
पिछला रिकॉर्ड टूटा, 98 सदस्यों की रणनीति रही सुपरहिट
संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद सिंघल ने बताया कि पिछले वर्ष 885 यूनिट रक्त एकत्र किया गया था, लेकिन इस बार शहरवासियों के असीम सहयोग से 1000 यूनिट का लक्ष्य हासिल कर लिया गया। संरक्षक विनय सिंघल और सुभाष वर्मा के नेतृत्व में परिषद के 98 सदस्यों ने ‘प्रत्येक सदस्य-पाँच रक्तदाता’ का फार्मूला अपनाया, जो बेहद कारगर साबित हुआ।
अध्यक्ष राजेश कुमार गर्ग ने बताया कि इस बार पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं और महिलाओं की संख्या में बड़ा उछाल देखने को मिला।
थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को मिलेगा नया जीवन
संग्रहित किया गया रक्त समर्पण ब्लड बैंक को सौंपा गया है। ब्लड बैंक के अध्यक्ष योगेश कंसल ने बताया कि यह रक्त मुख्य रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और आपातकालीन स्थिति में भर्ती मरीजों के काम आएगा। शिविर में रक्तदाताओं के लिए हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप जांच की निःशुल्क सुविधा भी दी गई थी।
इनकी रही मुख्य भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव श्रीभगवान सिंघल, कोषाध्यक्ष सीए प्रवीन गर्ग, कार्यक्रम संयोजक पंकज बंसल, आशीष गर्ग, शैलेश अग्रवाल और कन्हैया गर्ग सहित पूरी टीम ने सक्रिय योगदान दिया। सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

