Agra News: खेरागढ़ में प्री-मेगा विधिक शिविर आयोजित, ग्रामीणों को बताए कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाएं

स्थानीय समाचार

आगरा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर 22 फरवरी 2026 को प्रस्तावित बृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा मेगा शिविर की तैयारियों के तहत शुक्रवार को खेरागढ़ तहसील सभागार में प्री विधिक साक्षरता/सेवा शिविर आयोजित किया गया।

शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव (पूर्णकालिक) विनीता सिंह-1 ने की, जबकि संचालन लिपिक ललित द्विवेदी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अचल प्रताप सिंह मौजूद रहे।

शिविर में ग्राम न्यायालय खेरागढ़ के पीठासीन अधिकारी अभय राजवंशी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी, तहसीलदार खेरागढ़ समेत विद्युत, श्रम, नगरीय पंचायत और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, तहसील बार के पदाधिकारी और पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी। श्रम विभाग ने श्रमिक कल्याण योजनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि विद्युत विभाग ने एकमुश्त समाधान योजना और बिजली चोरी से जुड़े मामलों में दी जा रही छूट के बारे में बताया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने महिला सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, विधवा पेंशन और अन्य पेंशन योजनाओं की जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं और बच्चों के लिए निःशुल्क टीकाकरण, टेलीमेडिसिन और आयुष्मान कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा की। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण, डेंटल चेकअप और दवा वितरण भी किया गया। कई विभागों ने मौके पर ही लाभार्थियों का पंजीकरण किया।

न्यायिक अधिकारी अभय राजवंशी ने निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया समझाई। मुख्य अतिथि अचल प्रताप सिंह ने लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, गिरफ्तारी की स्थिति में मिलने वाले अधिकार, वकील की सुविधा और परिजनों को सूचना देने जैसे प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी।

अंत में सचिव विनीता सिंह-1 ने मेगा शिविर, विधिक सहायता सेवाओं और ‘मध्यस्थता अभियान 2.0’ के बारे में बताया। उन्होंने 14 मार्च 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए लोगों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति संबंधित विभागों या जन सेवा केंद्रों पर पंजीकरण करा सकते हैं।

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ वितरित किया गया। साथ ही पराविधिक स्वयंसेवकों को 22 फरवरी के मेगा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।