आगरा। शहर के व्यस्ततम मदिया कटरा तिराहे पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। पिछले कई दिनों से पाइपलाइन में हो रहे लीकेज के कारण सड़क अंदर से खोखली हो गई थी, जिससे वहां से गुजर रही एक स्कूल बस का पहिया जमीन में धंस गया। बस में बच्चे सवार थे, जिन्हें आनन-फानन में सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में घंटों भीषण जाम लगा रहा।
लापरवाही की ‘खाई’ में फंसी बस
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि जलकल विभाग को पिछले चार दिनों से रिसाव की सूचना दी जा रही थी, लेकिन अधिकारियों ने सुध नहीं ली। पानी के लगातार बहाव से सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई थी। दोपहर में जैसे ही स्कूल बस वहां से गुजरी, सड़क धंस गई। घटना के बाद मदिया कटरा से दिल्ली गेट और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
विधायक ने मौके पर पहुंचकर लिया संज्ञान
सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जनता की शिकायतें सुनने के बाद जलकल विभाग के जीएम को फोन पर जमकर फटकार लगाई। विधायक के हस्तक्षेप के बाद विभाग की टीम जेसीबी लेकर पहुँची, बस को बाहर निकाला गया और सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हुआ।
अभिभावकों की बढ़ी चिंता
स्कूल की छुट्टी का समय होने के कारण जाम में दर्जनों स्कूल वैन और बसें फंसी रहीं। चिलचिलाती धूप में घंटों फंसे बच्चों के कारण अभिभावकों में भारी रोष देखा गया। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि पूरे शहर में पुरानी पाइपलाइनों का सर्वे कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसे जानलेवा गड्ढे न बनें।

