नूरजहां बनकर फिर छाएंगी पूजा बत्रा! 21 साल बाद मलेशिया में री-रिलीज होगी ‘ताजमहल: एन इटरनल लव स्टोरी’

Entertainment

मुंबई: भारतीय सिनेमा की भव्यता और इतिहास को बयां करती साल 2005 की फिल्म ‘ताजमहल: एन इटरनल लव स्टोरी’ अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर धमाका करने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे के बीच, इस फिल्म को मलेशिया और इंडोनेशिया में नए 4K वर्जन के साथ री-रिलीज करने का फैसला लिया गया है।

मलेशिया के प्रधानमंत्री ने देखा प्रीमियर

फिल्म के भव्य प्रीमियर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भी शामिल हुए, जो भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहुंच का बड़ा प्रमाण है। फिल्म में ‘नूरजहां’ का यादगार किरदार निभाने वाली अभिनेत्री पूजा बत्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए लिखा, “दूसरे देश में इतना सम्मान और प्यार पाकर हम धन्य महसूस कर रहे हैं। मलेशिया का शुक्रिया।”

वेलेंटाइन वीक पर खास तोहफा

कबीर बेदी, मनीषा कोइराला और पूजा बत्रा जैसे सितारों से सजी यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को वेलेंटाइन वीकेंड के मौके पर सिनेमाघरों में उतरेगी। 2005 में रिलीज हुई यह फिल्म अपने आलीशान सेट और महंगी कॉस्ट्यूम्स के लिए जानी जाती है। हालांकि, उस वक्त यह बॉक्स ऑफिस पर अपना बजट नहीं निकाल पाई थी, लेकिन इसकी कलात्मकता को आज भी सराहा जाता है।

पूजा बत्रा के लिए क्यों खास है यह फिल्म?

पूजा बत्रा ने एक इंटरव्यू में बताया कि भारत में अक्सर उन्हें ‘वेस्टर्न’ किरदारों के लिए चुना जाता था, लेकिन नूरजहां का किरदार उनके करियर का सबसे खास ‘इंडियन रोल’ रहा। भारी ज्वेलरी और पारंपरिक ‘पासा’ पहनकर नूरजहां का लुक अपनाना उनके लिए एक शानदार अनुभव था।