मुंबई: केजीएफ (KGF) फेम रॉकिंग स्टार यश की अगली फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने से पहले ही इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। ट्रेड जगत से आ रही खबरों के मुताबिक, इस फिल्म के आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स रिकॉर्ड ₹120 करोड़ की भारी-भरकम राशि में बेचे गए हैं।
तेलुगु मार्केट में सबसे बड़ा सौदा
प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस ‘श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस’ (दिल राजू) ने KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ यह ऐतिहासिक करार किया है। यह किसी भी ऐसी फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा सौदा है, जिसकी मूल भाषा तेलुगु नहीं है। यह आंकड़ा साबित करता है कि फिल्म के कंटेंट और यश की ब्रांड वैल्यू पर डिस्ट्रीब्यूटर्स को कितना अटूट भरोसा है।
यश का ग्लोबल विजन
’केजीएफ चैप्टर 2′ की ऐतिहासिक सफलता के बाद यश ने अपनी अगली फिल्म के लिए काफी समय लिया। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही ‘टॉक्सिक’ को लेकर फैंस के बीच जो पागलपन था, वह अब इन प्री-रिलीज नंबर्स में तब्दील हो चुका है। फिल्म को एक डार्क और स्टाइलिश एक्शन ड्रामा बताया जा रहा है जो पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज होगी।
रिलीज डेट और फेस्टिव धमाका
फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। मेकर्स ने ईद और उगादी जैसे बड़े त्योहारों के समय को चुना है, जिससे फिल्म को लॉन्ग वीकेंड का भरपूर फायदा मिलेगा।
-अनिल बेदाग

