सोनू निगम की आवाज़ में घुला प्यार: ‘भाबीजी घर पर हैं!- फन ऑन द रन’ का रोमांटिक गाना ‘मनजोगी’ रिलीज

Entertainment

मुंबई: टीवी की दुनिया का सबसे चर्चित शो ‘भाबीजी घर पर हैं!’ अब सिल्वर स्क्रीन पर दर्शकों को गुदगुदाने आ रहा है। फिल्म ‘भाबीजी घर पर हैं!- फन ऑन द रन’ की रिलीज से पहले निर्माताओं ने इसका बेहद सुरीला और रूहानी गाना ‘मनजोगी’ जारी किया है।

सोनू निगम की सुरीली वापसी

‘बॉर्डर 2’ जैसे भारी-भरकम प्रोजेक्ट्स के बाद, सोनू निगम इस गाने के जरिए एक बार फिर अपनी सॉफ्ट और रोमांटिक गायकी का जादू बिखेर रहे हैं। गुलाम मोहम्मद खावर द्वारा लिखे गए बोल और विशाल शेल्के का संगीत इस गाने को एक क्लासिक लव सॉन्ग बनाता है। फिल्म की तेज रफ्तार कॉमेडी के बीच यह गाना दर्शकों को एक सुकून भरा अनुभव देगा।

​दिग्गज कलाकारों का जमावड़ा

ज़ी स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म में टीवी के ओरिजिनल सितारों के साथ भोजपुरी और बॉलीवुड के बड़े नाम भी शामिल हैं। फिल्म में शुभांगी अत्रे (अंगूरी भाभी), विदिशा श्रीवास्तव (अनीता भाभी), आसिफ़ शेख (विभूति), रोहिताश्व गौर (मनमोहन तिवारी) के साथ-साथ रवि किशन, मुकेश तिवारी और निरहुआ (दिनेश लाल यादव) अहम किरदारों में नजर आएंगे।

रिलीज डेट

शशांक बाली के निर्देशन में बनी यह फिल्म 6 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ज़ी सिनेमा और संजय कोहली-बिनैफर कोहली द्वारा निर्मित यह फिल्म साल की सबसे बड़ी कॉमेडी एंटरटेनर मानी जा रही है।