वैष्णो देवी यात्रा रूट पर लैंडस्लाइड हादसे में मरने वालों की संख्या पहुंची 30 तक, राहत बचाव कार्य जारी

National

कटरा: वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर कल भारी बारिश के बाद भूस्खलन की घटना सामने आई थी। प्रशासन के दिशा निर्देश पर फ़ौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। इस त्रासदी में पूर्व में पांच मौतों की पुष्टि की गई थी, वही अब यह संख्या बढ़कर 30 तक जा पहुंची है।

इस बारें में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने मंगलवार को बताया था कि जम्मू और कश्मीर में वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में स्थित अधक्वारी गुफा मंदिर में इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन हुआ है। बताया गया है कि, बचाव कार्य जारी है।

एक्स पर साझा की गई एक पोस्ट में, श्राइन बोर्ड ने कहा, “अधक्वारी में इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन की घटना हुई है, कुछ लोगों के घायल होने की आशंका है। आवश्यक जनशक्ति और मशीनरी के साथ बचाव कार्य जारी है। जय माता दी।”

इसके अलावा, वैष्णो देवी मंदिर के निकट भूस्खलन की घटना के कारण कटरा से सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। हालाँकि खबर लिखे जाने तक जानकारी मिली थी कि, भूस्खलन हादसे में 5 लोगों की मौत और 14 घायल हो गए है। वही अब यह संख्या 30 तक जा पहुंची है।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के कारण कई नदियों और नालों का जलस्तर तेज़ी से बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आ गई है। मौसम विभाग (MET) ने इस मामले पर आज दिन में एक एडवाइजरी जारी की। एडवाइजरी में कहा गया है, “26 अगस्त के दौरान जेएमयू डिवीजन के कुछ स्थानों पर तीव्र/भारी से बहुत भारी बारिश/गरज के साथ छींटे पड़ने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश तथा दक्षिण केएमआर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। कुछ संवेदनशील स्थानों पर बादल फटने/बाढ़ आने के साथ भूस्खलन/मिट्टी के धंसने/पत्थर गिरने की संभावना है। जल निकायों/नालों/नदी तटबंधों/ढीली संरचनाओं आदि से दूर रहें।

जेएमयू डिवीजन के निचले इलाकों में जलभराव/बाढ़ की संभावना है। सभी संबंधितों को सतर्क/अपडेट रहने की सलाह दी जाती है।” जम्मू-कश्मीर के कठुआ में जम्मू-पठानकोट राजमार्ग के पास सहार खाद नदी पर बना एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, क्योंकि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर आ गई है। इस घटना से राजमार्ग, जो एक प्रमुख मुख्य मार्ग है, पर यातायात बाधित हो गया है। स्थानीय प्रशासन की टीमें स्थिति पर कड़ी नज़र रख रही हैं।

जम्मू क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तीव्र मानसूनी वर्षा हो रही है, जिससे नदियां उफान पर हैं, भूस्खलन हो रहा है और निचले तथा पहाड़ी इलाकों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे पहले 17 अगस्त को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बादल फटने से सात लोगों की मौत हो गई थी और 11 अन्य घायल हो गए थे।

इस भीषण भूस्खलन और इससे हुई मौतों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। स्थानीय प्रशासन, NDRF दल एवं भाजपा कार्यकर्ता राहत व बचाव कार्य में तन्मयता से लगे है। दु:ख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ।”

22 ट्रेनें रद्द और 27 ट्रेनों को किया गया शॉर्ट-टर्मिनेट

भारी बारिश के कारण नॉर्दर्न रेलवे ने बुधवार को 22 ट्रेनें रद्द कर दीं और 27 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया. कटरा, जम्मू और ऊधमपुर से चलने वाली कई सर्विस प्रभावित हुई हैं, जिनमें वैष्णो देवी बेस कैंप से चलने वाली 9 ट्रेनें भी शामिल हैं. चक्की नदी में बाढ़ आने से पठानकोट–कंदरोरी (हिमाचल प्रदेश) के के बीच रेल यातायात भी रोका गया है. हालांकि, कटरा–श्रीनगर मार्ग प्रभावित नहीं है.

साभार सहित