आगरा में बोले CM योगी, आज भारत केवल सहता नहीं, बल्कि आतंक के अड्डों में घुसकर जवाब देता है

Regional

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा के जीआईसी ग्राउंड में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित वृहद समारोह में लोकमाता के योगदान को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का स्तंभ बताते हुए कहा कि आज का दिन उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का दिन है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किये जाने की अहम घोषणा भी की। साथ ही कहा कि बहुत जल्द आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई को समर्पित एक और बड़ा कार्यक्रम होगा। समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी का हवाला देकर बताया कि उत्तर प्रदेश में सात स्थानों पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कामकाजी महिलाओं के लिए होस्टल बनाये जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने उस दौर में भी महिला सशक्तिकरण, युवाओं, किसानों की प्रगति के साथ ही सुरक्षा और संस्कृति के संरक्षण का जो कार्य किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है।

सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत आगरा की सांस्कृतिक महत्ता पर जोर देते हुए की। उन्होंने कहा, “आगरा बृज का हिस्सा है, यह भूमि श्रीकृष्ण और बांके बिहारी जी की कृपा से समृद्ध है। ऐसे पावन स्थल पर लोकमाता को श्रद्धांजलि देना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।”

सीएम योगी ने इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि मुगल आक्रांताओं ने भारत की अस्मिता के प्रतीकों को ध्वस्त किया था, लेकिन लोकमाता अहिल्याबाई ने उस धरोहर को फिर से जीवित किया। उन्होंने काशी, पुरी, गया, केदारनाथ, सोमनाथ, महाकाल और भीमाशंकर जैसे कई मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया।

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो योजनाएं चल रही हैं, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, मातृ वंदन योजना, फिट इंडिया और आत्मनिर्भर भारत, वे सब लोकमाता के विचारों की आधुनिक अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में राम मंदिर और केदारनाथ-बद्रीनाथ का विकास कार्य लोकमाता के सांस्कृतिक दृष्टिकोण की ही निरंतरता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत केवल सहता नहीं, बल्कि आतंक के अड्डों में घुसकर जवाब देता है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और एयर स्ट्राइक का उदाहरण देते हुए कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद पालता है, और भारत अब घुसकर मारता है।

सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, पहले लोग यूपी में माफिया को पालते थे। कानून व्यवस्था तार-तार होती थी। लोकमाता अहिल्याबाई के नाम पर बने कॉलेज से उनका नाम हटा दिया जाता था, लेकिन अब सरकार उनके नाम से मेडिकल और डिग्री कॉलेज खोल रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर एक और बड़ा आयोजन जल्द किया जाएगा, जो उन्हें समर्पित होगा।

इस समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति श्रीराम शिंदे, सांसद वीके पार्थसारथी, वाचस्पति नागराजू, गोवा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत केवलकर, हरियाणा के राज्यपाल बंगारू दत्तात्रेय समेत देश भर की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरि सिंह बघेल ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में इसके आयोजक केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति श्रीराम शिंदे ने अपने संबोधन में कहा कि महाराष्ट्र का अहमदनगर, जहां माता अहिल्याबाई होल्कर का जन्म हुआ था, उसका नाम अब ‘अहिल्याबाई नगर’ कर दिया गया है और वहां उनका भव्य स्मारक बन रहा है। मध्यप्रदेश में भी लोकमाता का स्मारक निर्माण कार्य प्रगति पर है।