काफी रोमांचक रहा आगरा ताज कार रैली का पहला दिन

Press Release

आगरा। जिला प्रशासन व उप्र पर्यटन एवं मोटर स्पोर्ट क्लब आगरा के संयुक्त तत्वाधान में  आयोजित आगरा ताज कार रैली के पहले दिन आज  प्रातः 6 बजे होटल क्लार्क शीराज से प्रारम्भ होकर आई लव आगरा पॉइन्ट, कुआंखेड़ा, बुढ़ाना मुस्तकिल, एत्मादपुर मदरा, पैन्टून ब्रिज, रहनकलां, कुबेरपुर इण्डिस्ट्रयल एरिया, आगरा इटावा हाईवे, यमुना एक्सप्रेसवे, वृन्दावन एक्सप्रेसवे कट, फूड स्टॉल पेट्रोल पम्प पहुंची। उसके बाद प्रतिभागियों ने दोपहर का लंच यमुना एक्सप्रेसवे के फूड पॉइन्ट में किया।

लंच के बाद रैली दोबारा शुरू हुई जो दीवाना, राया, भैंसरा, ककरेतिया, बहादुरपुर, कारब, बन्दी, राया बल्देव, ततरौता, बढ़ाया, कन्जौली घाट, खादर, अकोस बांगर, कनोरा बांगर, मुर्शीदाबाद खादर, छोटी पत्ती अकबरा, मलूपुर, बिरईजहांबाद, पोइया, कुबेरपुर, सरवतपुर, फतेहाबाद रोड होते हुए सायं 6 बजे वापस आगरा पहुंची।

आज की रैली में ऑफ रोडिंग ज्यादा थी, आज गाड़ियाँ कच्चे-पक्के मिश्रित मार्ग पर चलीं और सभी प्रतिभागियों ने इसका भरपूर आनंद भी उठाया। आज विशेषकर ड्राईवरों को गाड़ी चलाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

रैली का संचालन करने के लिए जगह-जगह पर मार्शल खड़े किये गये थे जो कि प्रतिभागियों का समय नोट कर रहे थे। जो लोग समय से पहले पहुंचे थे उनके ऊपर डबल पेनल्टी व जो लोग समय के बाद पहुंचे थे उन पर सिंगल पेनल्टी लगा दी जाती है। इस प्रकार इस रैली में लोग गाड़ी जरूरत से ज्यादा तेज नहीं चलाते। मोटर स्पोर्ट्स क्लब की ओर से हरविजय वाहिया, राम मोहन कपूर, प्रशान्त जैन, अमित मित्तल, अर्पित अग्रवाल, हेमन्त जैन, करन अग्रवाल वह रैली का संचालन करने में मदद कर रहे थे।

आज पूरे दिन में रैली ने 300 किमी0 का सफर तय किया। रैली में कई बार कुछ गाड़ियां मिट्टी में फंसी किन्तु ड्राईवरों ने आपसी सहयोग का परिचय देते हुए फंसी हुई गाड़ियों को पुनः निकाला और रैली में पुनः समायोजित किया। कई लोगों के टायर भी पंक्चर हुए और उन्हें इस गर्मी में टायर बदलने का भी मजा लेना पड़ा।

रैली में एक 72 वर्षीय महिला नेवीगेटर नीलू ने बताया कि उन्हें इस रैली में आज पैन्टून ब्रिज पर जो दृश्य दिखा और जो अनुभव उन्हें हुआ वह बहुत ही अच्छा लगा और वह सोच भी नहीं सकती थीं कि आगरा के इर्द गिर्द इतनी खूबसूरती होगी।

पहले दिन के प्रतिभागी ये रहे

प्रथम स्थान पर – नीरव मेहता
द्वितीय स्थान पर – प्रकाश मुत्तुस्वामी, संतोष कुमार
तृतीय स्थान पर – जीत मित्रा, डिंकी वर्गेस

कल सुबह रैली 6 बजे होटल क्लार्क शिराज से प्रारंभ होकर वापस दोपहर 3 बजे तक होटल क्लार्क शिराज पहुंचेगी। रैली का पुरुस्कार वितरण रात्रि 7 बजे ”होटल क्लार्क शीराज” पर किया जायेगा।