आगरा: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के स्वागत के लिए बने द्वार तेज़ हवा से गिरे, बाल-बाल बचे लोग

स्थानीय समाचार

आगरा: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के स्वागत सत्कार के लिए बनाए गए स्वागत द्वार के गिरने से कई लोगों के लिए जान पर बन आई। स्वागत द्वार तेज हवा के चलते दो जगह स्वागत द्वार गिरे। पहला स्वागत द्वार वाटर वर्क्स चौराहे पर गिरा, दूसरा एमजी रोड पर एसएन के सामने गिर पड़ा। स्वागत द्वार के गिरने से कई लोग चपेट में आ गए। हालांकि किसी भी तरह की जनहानि न होने से लोगों ने राहत की सांस ली।

रविवार को कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार दक्षिण विधानसभा विधायक योगेंद्र उपाध्याय आगरा पहुंचे थे। उनके आगरा आगमन पर जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थकों द्वारा स्वागत किया गया था। उनके स्वागत हेतु स्वागत द्वार भी बनाए गए थे। पहला स्वागत द्वार वाटर वर्क्स चौराहे पर बना था तो दूसरा एसएन कॉलेज के सामने। आज मंगलवार को तेज हवा के चलते दोनों ही स्वागत द्वार गिर गए जिसकी चपेट में कई लोग आए।

वाटर वर्क्स पर तेज हवा के चलते अचानक स्वागत द्वार गिरा तो उसकी चपेट में दो ऑटो आ गए। ऑटो में सवारियां थी। गनीमत रही कि किसी के चोट नहीं आई। दूसरा स्वागत द्वार एसएन के पास बना हुआ था। यह द्वार भी तेज हवा के चलते गिर गया। इस स्वागत द्वार के नीचे कार आ गई। अचानक से स्वागत द्वार गिरने से हड़कंप मच गया लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए नजर आए।

भले ही कैबिनेट मंत्री के आगरा आगमन पर यह स्वागत द्वार बनाए गए थे लेकिन स्वागत द्वार के चलते आम व्यक्ति की जान पर बन आई। समय रहते हुए इन स्वागत द्वारों को हटाया नहीं गया था। मंगलवार को तेज हवा के चलते यह स्वागत द्वार गिर गए जो लोग इस स्वागत द्वार की चपेट में आए। उनके चोट न आने पर उन्होंने राहत की सांस ली लेकिन इस स्वागत द्वार के चलते वो लोग कैबिनेट मंत्री और स्वागत द्वार लगाने वाले लोगों को कोसते हुए नजर आए।

स्वागत द्वार गिरने से लगा लंबा जाम

वाटर वर्क्स और एसएन पर स्वागत द्वार गिरने से काफी लंबा जाम लग गया। लोगों ने स्वागत द्वार हटाये तब जाकर जाम खुला। एसएन के सामने तो लगभग 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और लोग जाम में जूझते हुए नजर आए।