आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला

Crime

आगरा। ताजनगरी के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और निजता भंग करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और देवर सहित छह ससुरालियों पर न केवल मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने, बल्कि उसके बेडरूम और किचन में सीसीटीवी कैमरे लगाकर उसकी निजता (Privacy) का हनन करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।

बेडरूम में कैमरों का विरोध करने पर मिली जान से मारने की धमकी

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 2019 में कपिल देव के साथ हुई थी, जिसमें मायके वालों ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास-ससुर और देवर अतिरिक्त दहेज में कार और 2 लाख रुपये की मांग करने लगे। हद तो तब हो गई जब देवर जितेंद्र ने बहू की निगरानी के लिए उसके बेडरूम और किचन में कैमरे लगवा दिए। जब पीड़िता ने 5 नवंबर 2025 को इसका विरोध किया, तो पूरे परिवार ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।

बीमार बच्चों के साथ घर से निकाला

क्रूरता की इंतहा यहीं खत्म नहीं हुई। 12 दिसंबर 2025 को ससुराल पक्ष ने पीड़िता को उसके दो छोटे और बीमार बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके बीमार बच्चे का इलाज तक नहीं कराया गया, जिसके बाद मायके वालों ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया।

BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस कमिश्नर के आदेश पर थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने आरोपी पति, सास-ससुर और देवरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 85 (क्रूरता), 115 (चोट पहुंचाना), 351 (धमकी) और 352 (हमला) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और निजता भंग करने के एंगल पर डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है।