गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

National

इससे पहले आज 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राष्ट्रपति ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं में जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया।

गणतंत्र दिवस समारोह के चीफ गेस्ट मिस्र के राष्ट्रपति 5 मंत्रियों समेत उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल लेकर भारत आए हैं। राष्ट्रपति भवन प्रांगण में आज सुबह उनका परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके सम्मान में भोज दिया है।

दोनों देशों के बीच फिलहाल 7.26 अरब डॉलर का कारोबार होता है। इसमें भारत का निर्यात 3.74 और आयात 3.52 अरब डॉलर है। मुस्लिम देशों में मिस्र का विशेष स्थान है। मिस्र हमेशा भारत का सम्मान करता रहा है। पिछले साल जब बीजेपी नेता नूपुर शर्मा के एक विवादित बयान पर कई मुस्लिम देश प्रतिक्रिया दे रहे थे, मिस्र खामोश रहा।

आज पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति सीसी कल हमारे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह पूरे भारत के लिए सम्मान और हर्ष का विषय है। मिस्र के राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए पीएम ने कहा कि भारत और मिस्र विश्व की सबसे पुरानी सभ्यताओं मे से हैं। हमारे बीच हजारों वर्षों का नाता रहा है। चार हजार वर्षों से भी पहले, गुजरात के लोथल पोर्ट के माध्यम से मिस्र के साथ व्यापार होता था।

पीएम ने बताया है कि भारत ने जी-20 अध्यक्षता के दौरान मिस्र को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया है। भारत-मिस्र स्ट्रैटिजिक पार्टनरशिप के तहत दोनों देश राजनीतिक, सुरक्षा, आर्थिक और वैज्ञानिक क्षेत्रों में और अधिक सहयोग बढ़ाने के लिए काम करेंगे।

Compiled: up18 News