आगरा: ताज़महल पर बंदरों के आतंक का साया, महिला पर्यटकों को काटा

स्थानीय समाचार

आगरा: मोहब्बत की निशानी ताजमहल पर इस समय बंदरों के आतंक का साया बना हुआ है। वहीँ कई अव्यस्थाओं का अंबार भी लगा हुआ है। ताजमहल पर बंदरों का आतंक प्रतिदिन बढ़ता चला जा रहा है लेकिन संबंधित विभाग को इससे कोई सरोकार नहीं है। सातवें अजूबे को निहार कर वापस लौट रहे पर्यटक महिलाओं को बंदरों ने अपना निशाना बनाया, उन्हें बंदरों ने काट लिया। इस घटना से महिलाएं बुरी तरह से घबरा गई और दु:खी मन से वापस लौट गई।

जानकारी के मुताबिक रविवार शाम के समय दिल्ली से तीन महिलाओं व तीन पुरुष का ग्रुप ताजमहल देखने पश्चिमी गेट पर पहुंचा था। ताजमहल देखकर वापस आते समय उन पर बंदरों ने हमला कर दिया। बंदरों ने दो महिलाओं को काट लिया। अचानक हुए हादसे से एक महिला काफी दहशत में आ गयी। बंदरों द्वारा काटे जाने पर पर्यटकों ने ताजमहल पर व्यवस्थाएं न होने की बात कही है। ताजमहल पर अव्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को कोस रहे पर्यटकों का वीडियो स्थानीय दुकानदार ने बनाया और उसे साझा किया। जिससे बंदरों के बढ़ रहे आतंक को प्रशासन गंभीरता से लें और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए आगे से कोई सख्त कदम उठाए।

बता दें कि ताजमहल पर बंदरों का आतंक काफी समय से है। यहां मुख्य गुम्बद पर यमुना की तरफ से, दशहरा घाट की साइड से और पीछे शमशान घाट की तरफ से भारी संख्या में बंदर आ जाते हैं। पूर्व में कई बार पर्यटकों को बंदर नुकसान भी पहुंचा चुके हैं।