दुर्विजय सिंह शाक्य का बड़ा बयान, बृज क्षेत्र में 13 सांसद और 6 नगर निगम जीतेगी भाजपा

Politics

उत्तर प्रदेश में सपा का जाति आधारित खेल समाप्त

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपनी जमीन खो चुकी है

आगरा: बृज क्षेत्र भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य का कहना है की 2024 के लोकसभा चुनाव में बृज क्षेत्र की 13 लोकसभा सीटों पर भाजपा को विजय प्राप्त होगी और इसी प्रकार बृज क्षेत्र के 6 नगर निगमों में भाजपा का मेयर चुना जाएगा। श्री शाक्य बृज क्षेत्र अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा बृज क्षेत्र कार्यालय आगरा पर पहली बार आए थे और मीडिया से बात कर रहे थे।

निकाय चुनावों में भाजपा को किस पार्टी से चुनौती मिलेगी के प्रश्न का जवाब देते हुए श्री शाक्य ने कहा की भाजपा के सम्मुख आज कोई भी चुनौती नही है , बसपा तो कहीं नहीं है और जनता भी बसपा पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। समाजवादी पार्टी रोज एक नया विषय लेकर आ जाती है उसके पास जाति के अतिरिक्त कोई मुद्दा नहीं है लेकिन अब उसकी जाति आधारित राजनीति का खेल खत्म हो गया है। उनके पास ना तो उत्तर प्रदेश के विकास का कोई एजेंडा है ना ही कोई विजन है। पूर्व में जब उनकी सरकार थी तो उनके गुंडाराज और महापाप जनता को आज तक याद है और जनता उन पर भरोसा करने को तैयार नहीं है।

राहुल गांधी के विषय में सवाल पूछे जाने पर बृज क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा की वह तो राहुल गांधी को नेता ही नही मानते और कॉग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन खो चुकी है

निकाय चुनावों की तैयारियों के संबंध में बताते हुए श्री शाक्य ने बताया कि बृज क्षेत्र में भाजपा संगठन बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान करने में लगा है और सभी वर्गों में भाजपा का जनाधार और मोदी जी के मिशन सबका साथ सबका विश्वास को लेकर संगठन में काम लगातार आगे बढ़ रहा है। बृज क्षेत्र में 90% से अधिक बूथ स्तर तक गठन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और सभी 18 जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करके तय किया गया है कि 6 अप्रैल तक सभी जिलों में 100% तक बूथ गठन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। यह भी निर्णय किया गया है की पार्टी नेतृत्व जिसको भी चुनावों में टिकट देगा सब कार्यकर्ता उसको लड़ाने को कमर कस कर तैयार रहेंगे।

उन्होंने बताया मोदी जी इच्छा के अनुरूप संगठन में कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी। आज देश में मोदी जी और उत्तर प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में लोक कल्याणकारी सरकारें चल रही है और भाजपा कार्यकर्ता और संगठन दोनों ही बहुत मजबूत स्थिति में है।

इससे पूर्व नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए पूरा आगरा का भाजपा संगठन उमड़ पड़ा। हजारों कार्यकर्ताओं ने अपने नए अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।

स्वागत करने वालों में आगरा के सांसद केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, धर्मवीर प्रजापति, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विजय शिवहरे, धर्मपाल, जी एस धर्मेश, छोटे लाल वर्मा, भाजपा शहर अध्यक्ष भानु महाजन, जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा, पिछड़ा मोर्चे के बबलू लोधी, महेश कर्दम, डॉक्टर पार्थसारथी शर्मा, अमित पटेल, आशीष पाराशर, टी.एन.अग्रवाल सहित अनेक भाजपा संगठनों के अनेक पदाधिकारी शामिल थे ।

-विवेक कुमार जैन