Agra News: दीवार तोड़कर थाने में जा घुसा अनियंत्रित कैंटर, बड़ा हादसा टला

स्थानीय समाचार

आगरा: थाना शमसाबाद परिसर में शनिवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। एक कैंटर अनियंत्रित होकर थाना परिसर की दीवार तोड़ते हुए आवास के दीवार तक पहुंच गया। गनीमत यह रही कि आवास की दीवार चपेट में नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने चालक सहित एक अन्य को हिरासत में ले लिया।

हादसा देर रात करीब 12 बजे का है। फतेहाबाद मार्ग से शमसाबाद की ओर तेज गति से एक बड़ा ट्रक (कैंटर) आ रहा था। ट्रक गाड़ी थाना परिसर के पास आकर पूरी तरह से अनियंत्रित हो गया और परिसर की करीब 10-15 मीटर दीवार तोड़ते हुए आगे तक बढ़ गया। दीवार गिरने की तेज आवाज आई तो थाने में मौजूद पुलिसकर्मी बाहर की ओर दौड़ पड़े। आवास में मौजूद पुलिसकर्मी भी बाहर निकल आए।

गनीमत यह रही कि आवास की दीवार चपेट में आने से महज एक फुट की दूरी का फासला रह गया था। अगर आवास की दीवार चपेट में आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इस संबंध में थानाध्यक्ष शमसाबाद राजीव कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था। थाना परिसर की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ वाहन भी चपेट में आ गए हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।