मौसम का डबल अटैक: उत्तर भारत में हीटवेव का कहर जारी, तो दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

National

नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देशभर के विभिन्न हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया है कि अगले सात दिनों तक उत्तर भारत और मध्य भारत के अधिकांश इलाकों में हीटवेव यानी लू चलने की प्रबल संभावना बनी हुई है। हालांकि, लोगों के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि 29 मई से भीषण गर्मी से कई इलाकों में राहत मिलने की शुरुआत होगी और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाने लगेगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 मई को ओले गिरने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक दिन पहले यानी 28 और 29 मई को ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा। इसके अलावा, दक्षिण भारत के केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और उत्तर पूर्वी भारत व उससे सटे पूर्वी भारत के राज्यों में अगले पांच दिनों तक बहुत भारी बरसात होने की चेतावनी दी गई है।

​पिछले 24 घंटों का हाल और तापमान का ब्योरा

पिछले 24 घंटे के मौसम पर नजर डालें तो देश के मध्य भाग, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत में दिन का अधिकतम तापमान 43 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पश्चिमी-दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर अन्य स्थानों पर तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

​पूर्वोत्तर भारत में मौसम काफी सक्रिय है। 24 और 25 मई को असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम में गरज, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। 24 मई को असम और मेघालय के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

इसके साथ ही, 24-26 मई को अरुणाचल प्रदेश, 24-29 मई को असम और मेघालय में, तथा 24, 25, 29 और 30 मई को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, 24-25 मई को अरुणाचल प्रदेश में और 24 व 27 मई के दौरान असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बरसात होने के आसार हैं।

​दक्षिण भारत में बारिश की स्थिति

दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम विभाग ने 24 से 28 मई के दौरान केरल, माहे और लक्षद्वीप में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इसी अवधि के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और आंतरिक कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है।

​तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 24-27 मई तक, जबकि तेलंगाना में 24 से 30 मई तक बारिश की यही स्थिति बनी रहेगी। 24 मई को रायलसीमा में और 24-26 मई के दौरान उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में आंधी आने की संभावना है।

इसके अलावा 24-26 मई के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में; 24-28 मई तक केरल और माहे में; 24-27 मई तक लक्षद्वीप में; 24 मई को तटीय कर्नाटक में; और 24-25 मई को आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट बारिश होगी। 24 मई को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी संभावना है।

​उत्तर भारत के राज्यों का हाल

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में भी कई स्थानों पर बारिश, बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की संभावना है।

​जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश: 24, 25 और 28-30 मई के दौरान छिटपुट से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी।

उत्तराखंड: 24, 25, 29 और 30 मई के दौरान छिटपुट से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 24 और 28-30 मई के दौरान छिटपुट से मध्यम दर्जे की बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है।

विशेष अलर्ट के तौर पर जम्मू-कश्मीर में 24 मई को गरज के साथ तेज हवाएं चलने की सूचना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28-29 मई को, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 मई को ओले गिरेंगे। इसके अतिरिक्त, जम्मू-कश्मीर में 24 मई को और हिमाचल प्रदेश में 29 मई को ओले पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है।