राहुल गांधी के ‘पीएम विदाई’ वाले दावे पर सियासी संग्राम: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का पलटवार, कहा- जनता करेगी साजिश को विफल

National

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई को लेकर दिए गए बयान के बाद देश की राजनीति में उबाल आ गया है। इस दावे पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।

अराजकता फैलाने का आरोप

राहुल गांधी ने दावा किया था कि आर्थिक असंतोष के चलते अगले एक साल में पीएम मोदी सत्ता से बाहर हो जाएंगे। इस पर पलटवार करते हुए पीयूष गोयल ने इसे देश को अस्थिर करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी का बयान देश के खिलाफ कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों एवं भारत को अस्थिर करने का सपना देख रहे ‘टूलकिट गैंग’ की एक बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। यह महज एक राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाने का गंभीर षड्यंत्र है।”

https://x.com/i/status/2058408277285986739

​’विपक्ष हिंसा के जरिए सत्ता हथियाना चाहता है’

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जब से विपक्ष ने यह महसूस कर लिया है कि वे प्रधानमंत्री मोदी को लोकतांत्रिक तरीके से या जनता के बीच से नहीं हटा सकते, तब से वे हिंसा का सहारा ले रहे हैं। गोयल ने आरोप लगाया कि, “राहुल गांधी एंड कंपनी ने जब देख लिया कि प्रधानमंत्री को जनता के हृदय से नहीं हटाया जा सकता और सीधी लोकतांत्रिक लड़ाई में भाजपा को परास्त नहीं किया जा सकता, तो अब वे देश में हिंसा फैलाना चाहते हैं।”

विदेशी हस्तक्षेप और राष्ट्र विरोध का आरोप

गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल भारत की प्रगति से जलते हैं। उन्होंने कहा, “उनको भारत से इतनी नफरत है कि देश का कुछ भी अच्छा होता हुआ वे देख नहीं सकते। राष्ट्र को बदनाम करना, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना और विदेशी धरती पर जाकर विदेशी ताकतों से भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अपील करना, यह कांग्रेस की असली मंशा को दर्शाता है।”

​’जनता समझदार है’

‘इंडी’ गठबंधन पर प्रहार करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि भारत की जनता पूरी तरह समझदार है और वह इन साजिशों को अच्छी तरह पहचानती है। उन्होंने अंत में विश्वास जताया कि जनता ने पहले भी ऐसे तत्वों को करारा जवाब दिया है और इस बार भी विपक्षी गठबंधन की ‘आग लगाने की साजिश’ कभी कामयाब नहीं होगी।