25 करोड़ प्रदेशवासी मेरा परिवार…देवबंद की धरती से सीएम योगी ने विपक्ष को दिया सुशासन का जवाब

Regional

देवबंद (सहारनपुर): ​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सहारनपुर मंडल के लिए विकास का पिटारा खोलते हुए ₹2,131 करोड़ की लागत वाली जन-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। देवबंद की ऐतिहासिक धरती से जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने न केवल विकास का रोडमैप पेश किया, बल्कि कानून-व्यवस्था और राष्ट्र विरोधियों के खिलाफ कड़े तेवर भी दिखाए।

​इंडस्ट्रियल हब और काष्ठ कला को नई उड़ान

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सहारनपुर अब केवल लकड़ी की नक्काशी (Wood Carving) के लिए ही नहीं, बल्कि एक बड़े इंडस्ट्रियल सेंटर के रूप में भी जाना जाएगा। उन्होंने कहा, “दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के बीच हम सहारनपुर में पहला इंडस्ट्रियल एवं लॉजिस्टिक हब बनाने जा रहे हैं। इससे हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।” मुख्यमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए बताया कि दिल्ली से सहारनपुर की दूरी अब 6 घंटे से घटकर महज 2 से ढाई घंटे रह गई है।

​ATS कमांडो सेंटर: “सुरक्षा से खिलवाड़ तो परिणाम भुगतने को तैयार रहें”

सुरक्षा के मोर्चे पर सीएम योगी ने देवबंद से कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देवबंद में ATS का कमांडो ट्रेनिंग सेंटर पूरी तरह संचालित हो चुका है। मुख्यमंत्री ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी “हमारे कमांडो अब सतत निगरानी कर रहे हैं। यदि कोई देशद्रोही सिर उठाएगा या सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करेगा, तो उसका काम तमाम होना तय है।” उन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

​विपक्ष पर प्रहार और सुशासन का मंत्र

विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता विकास और सुशासन के आधार पर ही दोबारा मौका देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार के लिए व्यक्ति, जाति या मजहब नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक ही उनका परिवार हैं। योजनाओं की पारदर्शिता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाया जा रहा है।

संबोधन की शुरुआत में उन्होंने मां शाकुंभरी सिद्धपीठ और माता त्रिपुरबाला सुंदरी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और किट भी वितरित किए।