स्वस्थ रहने के लिए बहुत जरूरी होता है लिवर का स्वस्थ होना

Health

लिवर को हम यकृत और जिगर के नाम से भी जानते हैं। स्पंज जैसा नाजुक शरीर का यह अंग यदि खराब हो जाए तो पूरे शरीर की सेहत पर असर डालता है। लिवर की बीमारी का यदि समय पर इलाज न हो तो यह गंभीर समस्या भी बन सकती है।

स्वस्थ रहने के लिए लिवर का स्वस्थ होना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि यह हमारे शरीर में अनेक महत्वपूर्ण शारीरिक गतिविधियों को नियंत्रित करता है और शरीर को सुचारू रूप से कार्य करने में मदद करता है। यह खाना पचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अलावा लिवर न सिर्फ इम्यूनिटी को बढ़ाता है बल्कि यह पोषक तत्वों के संचयन में भी सहायक है। चूंकि लिवर हमारे शरीर की बहुत सारी जरूरतों को पूरा करता है, इसलिए इसका स्वस्थ रहना बहुत जरूरी होता है।

लहसुन को स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक माना जाता है। यह लिवर को साफ रखने में भी मदद करता है। दरअसल, यह लिवर में मौजूद उन एंजाइम्स को सक्रिय कर देता है, जो लिवर को साफ रखने में सहायक हैं। इसके अलावा यह कोलेस्ट्रॉल के स्तर को भी नियंत्रित करता है। इसलिए 2-3 लहसुन की कलियों का रोजाना सेवन करें। इससे काफी फायदा मिलेगा।

नींबू 

नींबू को भी लिवर को साफ करने में मददगार माना जाता है। दरअसल, इसमें मौजूद डी-लिमोनेने नामक तत्व लिवर की कोशिकाओं को सक्रिय कर देता है, जो लिवर को साफ करने में मदद करते हैं। इसमें विटामिन-सी भी उच्च मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन क्रिया को सही करके इम्यूनिटी को बढ़ाता है। आप नियमित रूप से नींबू पानी या उसमें शहद डालकर उसका सेवन करें। यह सेहत के लिए बहुत ही लाभकारी हो सकता है।

हल्दी 

हल्दी को भी लिवर के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। यह लिवर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करती है और साथ ही लिवर की क्षतिग्रस्त कोशिकाओं को भी पुनर्जीवित करने में मदद करती है। इसके लिए आप 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर एक गिलास पानी में मिलाएं और उसे उबालकर दिन में दो बार पीएं। इससे लिवर को साफ रखने में मदद तो मिलेगी ही, साथ ही अन्य बीमारियों का खतरा भी कम होगा।

सेब

रोजाना एक सेब का सेवन लिवर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी होता है। दरअसल, यह पेक्टिन का एक समृद्ध स्रोत है, जो पाचन प्रणाली और कोलेस्ट्रॉल से विषाक्त पदार्थों को निकाल कर लिवर को साफ करने में मदद करता है।

अखरोट 

अखरोट में एमिनो एसिड उच्च मात्रा में पाए जाते हैं जो विषाक्त पदार्थों से छुटकारा दिलाने में मदद करते हैं। इसके अलावा इसमें ग्लूटाथिओन और ओमेगा-3 फैटी एसिड भी मौजूद होते हैं, जो प्राकृतिक रूप से लिवर को साफ करने की प्रक्रिया को बढ़ावा देते हैं। रोजाना एक मुट्ठी अखरोट चबाकर खाना फायदेमंद हो सकता है। यह इम्यूनिटी बढ़ाने में भी सहायक है।

– एजेंसी