शरीर को स्वस्थ और निरोग रखने के लिए बहुत जरूरी हैं पौष्टिक तत्व

Health

शरीर को स्वस्थ और निरोग रखने के लिए पौष्टिक तत्व बहुत जरूरी हैं। अगर शरीर को भरपूर मात्रा में पौष्टिक तत्व न मिले तो कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं होने लगती हैं। इसकी कमी से त्वचा की समस्या, अपच, बालों का गिरना, कमजोरी, आंखों की रोशनी कम होना, भूलने की समस्या जैसी कई समस्यों होने लगती हैं। अगर शरीर में इन पौष्टिक तत्वों की कमी हो रही हो तो शरीर खुद आपको संकेत देने लगता है।

कैल्शियम की कमी

कैल्शियम ऐसा पोषक तत्व है, जो शरीर के लिए बहुत जरूरी है। दूसरे पोषक तत्वों की तरह ही हमारे आहार में कैल्शियम की बड़ी भूमिका होती है। मजबूत हड्डी और दांत के लिए कैल्सियम आवश्यक होता है। इसकी कमी से संवेदनशीलता, हड्डियों की कमजोरी, मांसपेशियों में अकड़न की समस्या होने लगती है।

फाइबर की कमी

अगर आपका पाचन तंत्र कमजोर हो जाए तो इसका मतलब है कि शरीर में फाइबर की कमी है। फाइबर की कमी से खाना आसानी से नहीं पच पाता, पेट से सम्बंधित अन्य समस्याएं होने लगती हैं। उम्र बढ़ने के साथ समस्याएं और भी गंभीर हो जाती हैं। खासकर 50 साल के बाद फाइबर की कमी बहुत नुकसानदेह हो सकती है।

आयरन की कमी

आयरन भी हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है, यह खून बढ़ाने का काम करता है। इसकी कमी से अनीमिया हो जाता है। इसके अलावा इसकी कमी के कारण नाखून व चेहरे पर पीलापन नजर आने लगता है। आंखों के चारों तरफ कालापन दिखने लगता है। हर समय अत्यधिक थकावट महसूस होने लगती है।

विटमिन ए की कमी

WHO के अनुसार विटमिन ए की कमी के कारण बच्चों की आंखों की रोशनी कम हो रही है। बच्चे विटमिन ए की कमी के कारण सबसे ज्यादा अंधेपन का शिकार हो रहे हैं। गर्भावस्था में अगर मां के शरीर में विटमिन ए की कमी है तो इसका असर बच्चे की आंखों की रोशनी पर पड़ेगा।

विटमिन बी

विटमिन बी को बी-कॉम्प्लेक्स भी कहा जाता है। इसमें विटमिन बी1, बी3, बी6, बी9 और बी12 होता है जो शरीर के लिए बहुत जरूरी है। बाल गिरने की मुख्य वजह है शरीर में फॉलिक ऐसिड के साथ विटमिन बी12 की कमी। बी1 की कमी से बेरीबेरी, बी3 की कमी से डायरिया, डिमेंशिया और त्वचा की समस्याएं होती हैं। विटमिन बी9 की कमी से दिमाग कमजोर होने लगता है।

विटमिन डी

विटमिन डी काउंसिल के अनुसार दुनियाभर के लगभग 50 प्रतिशत लोगों में विटमिन डी की कमी देखी जा रही है। इसकी कमी से हड्डियों से सम्बंधित कई समस्याएं हो रही हैं जिनमें सबसे कॉमन बीमारी ऑस्टियोपोरोसिस है।

सोडियम की कमी

सोडियम हमारे शरीर में संवेदनाओं को बढ़ाने का काम करती है। अगर शरीर में सोडियम की कमी हो जाए तो इसके कारण सूंघने और स्वाद लेने की संवेदना कम हो जाती है। किसी भी तरह का स्वाद आसानी से व्यक्ति नहीं ले पाता है।

-एजेंसियां