कई शर्तों के साथ मिली है आर्यन खान को जमानत

Entertainment

मुंबई। क्रूज ड्रग्‍स केस के आरोप में 27 दिन पहले गिरफ्तार किए गए आर्यन खान को अदालत ने कई शर्तों के साथ जमानत दी है।

आर्यन कोर्ट की इजाजत के ब‍िना देश छोड़कर नहीं जा सकते हैं। उन्‍हें NDPS कोर्ट में अपना पासपोर्ट जमा करना होगा।

हर शुक्रवार को 11 बजे से 2 बजे तक NCB दफ्तर में हाजिरी लगानी होगी।

मामले में जांच चल रही है इसलिए वह केस से जुड़े गवाहों से कोई बात नहीं कर सकते। वह गवाहों को या जांच को प्रभावित नहीं करेंगे। केस के सह-आरोपियों से भी आर्यन को मिलने या बात करने की मनाही है।

इतनी शर्तों के साथ शाहरुख खान और गौरी खान के लाडले आर्यन खान की जेल से रिहाई का काउंटडाउन शुरू हो गया है। बॉम्‍बे हाई कोर्ट ने आर्यन की जमानत की ऑर्डर कॉपी जारी कर दी है। 5 पन्‍नों की इस ऑर्डर कॉपी मिलने के बाद अब उनकी जेल से रिहाई की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

यदि सूर्यास्‍त से पहले सारी कागजी प्रक्रिया हो जाती है तो आर्यन खान आज शाम 6:30 बजे तक आर्थर रोड जेल से रिहा हो जाएंगे। इस बीच शाहरुख खान के घर के बार पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

गुरुवार को जमानत के आदेश के बाद से ही उनके घर के बाहर फैंस जमा हो गए हैं। वहीं ‘मन्नत’ से भी कुछ गाड़ियों का काफिला शाहरुख के साथ आर्थर रोड जेल के लिए निकला है।

-एजेंसियां