मथुरा। आधी आबादी की सुरक्षा के लिए प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान चल रहा है लेकिन इसके बावजूद दबंग व असामाजिक तत्व आधी आबादी के प्रति अपराधों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। मथुरा में कथित रूप से 14 साल की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है जिसने सभी को हिलाकर रख दिया है। पीड़ित किशोरी के पिता ने थाना हाईवे में तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और तीसरे की तलाश जारी है।
घटना चार नवंबर की बताई गई है। पीड़ित किशोरी के पिता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार चार नवंबर को किशोरी घर से निकली तो पड़ोस के ही दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने उसे कार में बैठा लिया। कुछ दूरी पर उन युवकों ने तीसरे साथी को भी कार में बैठा लिया था। आरोप है कि युवकों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किशोरी को पिला दिया। वह जब बेहोश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात के अगले दिन पीड़िता को उसके घर से कुछ दूरी पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इधर, परिजन किशोरी को ढूंढ रहे थे।
घर पहुंचने पर पीड़ित किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद किशोरी को लेकर उसके पिता थाना हाईवे पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवकों के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।