बिहार का रुझान देख कांग्रेसी नेता उदितराज बोले, EVM हैकिंग संभव

Politics

नई दिल्‍ली। बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। अभी तक आए रुझान इशारा करते हैं कि एनडीए दोबारा सत्ता में लौट सकता है। रुझानों में महागठबंधन की सीटें 100 से भी कम आ रही हैं। दोपहर 12 बजे तक आए रुझानों में कांग्रेस महज 21 सीट पर आगे थी। यह ट्रेंड्स देखकर कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता डॉ. उदित राज ने ट्वीट किया है कि ‘ईवीएम हैक की जा सकती है।’ कांग्रेस नेता ने दोपहर सवा 12 बजे ट्वीट किया, “जब मंगल ग्रह और चांद की ओर जाते उपग्रह की दिशा को धरती से नियंत्रित किया जा सकता है तो ईवीएम हैक क्यों नही की जा सकती?”

ईवीएम के बहाने डोनाल्‍ड ट्रंप को भी लपेटा

डॉ. उदित राज ने ईवीएम को लेकर एक और ट्वीट किया है। कांग्रेस नेता का कहना है कि अगर अमेरिका में भी ईवीएम से चुनाव होते तो डोनाल्‍ड ट्रंप कभी राष्‍ट्रपति चुनाव नहीं हारते। उन्‍होंने लिखा, ‘अमेरिका में अगर ईवीएम से चुनाव होता तो क्‍या ट्रंप हार सकते थे?’ डॉ. राज को इन दोनों ट्वीट्स के लिए खूब ट्रोल किया जा रहा है।

उदित राज ने एक चैनल ने बातचीत में कहा, ‘महागठबंधन जीत भी जाए तो भी यह व्‍यवस्‍था जानी चाहिए।’ उन्‍होंने कहा कि जर्मनी, अमेरिका जैसे कई देशों ने इसको अडॉप्‍ट किया था मगर हटा दिया। उन्‍होंने कहा, “हरियाणा में कांड हुआ है। एक ही गांव के 16 लड़कों को तैयार किया गया। हर गांव में गए हैं वो। ब्‍लूटूथ में कोडिंग की गई 1, 2, 3,4… और वे वोट डालने में सक्षम हुए हैं। चुनाव आयोग के पास इसका क्‍या जवाब है?”

अब ट्रोल हो रहे हैं कांग्रेस नेता

डॉ. उदित राज के ईवीएम पर ये दो ट्वीट यूजर्स के बीच हंसी की वजह बन गए। सुनील मल्‍होत्रा नाम के यूजर ने लिखा, ‘काश थोड़ी साइंस पढ़ी होती आपने। जब इलेक्‍शन कम‍ीशन ने सबको ओपन चैलेंज दिया था ईवीएम हैक करने का तब तो कोई प्रूव नहीं कर पाया। अब यहां क्‍यों ढोल पीट रहे हैं।’ एक अन्‍य यूजर ने मजाकिया लहजे में लिखा, ‘बिल्कुल हो सकती है। आप कोंग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ें, जिताने की गारंटी हमारी।’ कुछ लोगों ने चुनाव में कांग्रेस की हालत का मजाक भी बनाया।

एग्जिट पोल में था महागठबंधन की जीत का अनुमान

बिहार विधानसभा चुनाव में अधिकांश एग्जिट पोल में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पांच दलों के महागठबंधन को जीत हासिल होने का पूर्वानुमान था। बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा के लिये हुए मतदान में वैशाली जिले के राघोपुर सीट पर सभी निगाहें लगी हुई हैं जहां से तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में हैं। कुमार पिछले 15 वर्षो से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। नीतीश कुमार बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं और उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा है।

-एजेंसियां