नई दिल्ली। भारत बायोटेक की कोरोना वैक्सीन (को-वैक्सीन) फरवरी में आ सकती है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सरकार से जुड़े एक वैज्ञानिक के हवाले से यह जानकारी दी है। वैक्सीन फरवरी में आती है तो यह समय से काफी जल्दी होगा, क्योंकि पहले कहा जा रहा था कि अगले साल की दूसरी तिमाही यानी अप्रैल-जून तक भारत बायोटेक की वैक्सीन आ पाएगी।
भारत बायोटेक की वैक्सीन ट्रायल की आखिरी फेज में है। बताया जा रहा है कि अब तक के रिजल्ट सुरक्षित और असरदार रहे हैं। यह कंपनी सरकार के साथ मिलकर वैक्सीन बना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत बायोटेक से वैक्सीन बनाने के काम में तेजी लाने को कहा था।
इस बीच देश में कोरोना के आंकड़ों में मामूली बढ़त देखने को मिल रही है। एक हफ्ते बाद फिर एक बार नए केस का आंकड़ा 50 हजार के पार हो गया है। बुधवार को 50 हजार 465 मरीज मिले। इससे पहले 28 अक्टूबर को 50 हजार 188 केस आए थे। मौत का आंकड़ा भी 704 रहा। बीते 15 दिनों में यह सबसे ज्यादा है। इससे पहले 21 अक्टूबर को 701 संक्रमितों की मौत हुई थी।
देश में अब तक 83 लाख 63 हजार 412 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 77 लाख 10 हजार 630 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस बीमारी से अब तक 1 लाख 24 हजार 354 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अब 5 लाख 25 हजार 397 मरीजों का इलाज चल रहा है।
-एजेंसियां