नीत‍िश कुमार ने 7वीं बार ली सीएम पद की शपथ, तारकिशोर और रेणुदेवी बने डिप्टी सीएम

Politics

पटना। नीतीश कुमार ने आज राजभवन में 7वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नीतीश के साथ 4 बार के विधायक तारकिशोर प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली। वो वैश्य समुदाय से आते हैं और डिप्टी सीएम पद के भी दावेदार माने जा रहे हैं। डिप्टी सीएम की एक और दावेदार रेणु देवी को भी शपथ दिलाई गई।

पोर्टफोलियो भले नहीं बंटा, लेकिन नीतीश के बगल की दो कुर्सियों पर तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी के बैठने से ये साफ हो गया कि तमाम विरोधों के बावजूद ये दोनों ही उप-मुख्यमंत्री हैं।

शपथ ग्रहण में अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद हैं। शाह और नड्डा पहली पंक्ति में बैठे, पर इस कतार में सुशील मोदी का नाम नहीं था।

ताजपोशी में तेजस्वी नहीं

राजद नेता तेजस्वी यादव शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो रहे। तेजस्वी दो दिन से घर से बाहर ही नहीं निकले। तेजस्वी ने हार नहीं मानी है। वे चुनाव नतीजों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए दिल्ली में विशेषज्ञों से सलाह-मशविरा कर रहे हैं। इस वजह से महागठबंधन (राजद, कांग्रेस, वाम दल) भी शपथ ग्रहण समारोह का बायकॉट कर रहा है। उधर, लोजपा को समारोह का न्योता नहीं मिला है। इस वजह से चिराग पासवान और उनकी पार्टी के इकलौते विधायक शपथ ग्रहण में नहीं जा रहे।

स्पीकर भाजपा का होगा

इस बार स्पीकर भाजपा का होगा। सोमवार दोपहर तक अमरेंद्र प्रताप सिंह और नंदकिशोर यादव के नाम की चर्चा थी। अब नंदकिशोर का नाम आगे चल रहा है। अमरेंद्र को मंत्री बनाया जा रहा है। वे आरा से विधायक हैं। इससे पहले वे डिप्टी स्पीकर रह चुके हैं। वहीं, यादव पटना साहिब से विधायक हैं। वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। पिछली बार स्पीकर रहे विजय कुमार चौधरी को भी मंत्री बनाया जा रहा है।

– एजेंसी