सूवा। चीन के अधिकारियों ने फिजी में ताइवान के एक अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ताइवान का अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों पर छिपकर हमला करने वाले चीन के राजनयिकों के अब फिजी में जानलेवा हमला करने की शर्मनाक घटना सामने आई है।
प्रशांत महासागरीय देश फिजी में चीनी दूतावास के अधिकारियों ने सभी राजनयिक नियमों को धता बताते हुए ताइवान के एक अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ताइवान का अधिकारी बुरी तरह से घायल हो गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ताइवान के अधिकारी के सिर में चोट आई है। इस घटना के बाद अब चीन और ताइवान के बीच तनातनी प्रशांत महासागरीय देश फिजी तक पहुंच गई है। फिजी में दोनों ही देश अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि चीनी अधिकारियों के हिंसक हमले की यह घटना 8 अक्टूबर को सूवा के एक होटल में बनाए गए ताइपे ट्रेंड ऑफिस के रिसेप्शन पर हुई।
ब्रिटेन के अखबार गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी दूतावास से जुडे़ दो अधिकारी बिना किसी निमंत्रण के होटल पहुंचे और वहां पर मौजूद लोगों की तस्वीर और वीडियो बनाने लगे। इन लोगों में फिजी सरकार के दो मंत्री, अन्य देशों के राजनयिक, अंतर्राष्ट्रीय एनजीओ और चीनी समुदाय के लोग शामिल थे। चीनी अधिकारियों की इस हरकत से नाराज ताइवान के प्रतिनिधिमंडल दल के एक सदस्य ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा लेकिन चीनी अधिकारियों ने जाने से इंकार कर दिया।
ताइवान का अधिकारी गंभीर रूप से घायल
इसके बाद होटल के बाहर दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई जिसमें ताइवान का अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। होटल के स्टाफ ने जब पुलिस को बुलाया तो चीनी अधिकारियों ने राजनयिक छूट का हवाला दिया। बाद में चीनी दूतावास के अधिकारियों ने एक बयान जारी करके कहा कि ताइवान नेशनल डे कार्यक्रम अवैध है।
चीनी दूतावास ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम चीन के एक चीन नीति का उल्लंघन है और दो चीन बनाने या अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक चीन एक ताइवान नीति बनाने का प्रयास है। ताइवान के अधिकारियों की पिटाई करने वाले चीन ने उल्टे ताइवान पर आरोप लगाया कि उसने उकसावे वाली कार्यवाही की। चीन ने यह भी दावा किया कि उसका अधिकारी इस मारपीट में घायल हो गया। फिजी पुलिस ने बताया कि चीनी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
-एजेंसियां
- Mass Awareness, Education & Training have the potential to accelerate Economic Growth in rural India to Compete in Global Economic Race - July 6, 2022
- I never dreamed about success, and I worked for it – Satish Sanpal - July 6, 2022
- Madhavbaug chalks out organic and inorganic growth strategy - July 6, 2022