नई दिल्ली। गोवा की पूर्व राज्यपाल और प्रतिष्ठित साहित्यकार मृदुला सिन्हा (Mridula Sinha) का बुधवार को निधन हो गया। पीएम मोदी और अमित शाह ने उनके निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मृदुला सिन्हा जी को जनता की सेवा के लिए उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। वह एक कुशल लेखिका भी थीं, जिन्होंने साहित्य के साथ-साथ संस्कृति की दुनिया में भी व्यापक योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गोवा की पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता मृदुला सिन्हा (77) का निधन बहुत दुःखद है। उन्होंने जीवन पर्यन्त राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए काम किया। वह एक निपुण लेखिका भी थी, जिन्हें उनके लेखन के लिए भी सदैव याद किया जाएगा। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शान्ति।
लोक आस्था के महापर्व पर अक्सर लिखती रहीं हैं
मृदुला सिन्हा पांचवां स्तम्भ नाम से एक सामाजिक पत्रिका भी निकाल चुकी हैं। वे एक हिन्दी लेखिका के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय कार्यसमिति की सदस्य भी थीं। अटल बिहारी वाजपेयी जब प्रधानमंत्री थे, तब उनके कार्यकाल में केन्द्रीय समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनकी पुस्तक पर एक फिल्म भी बनी थी। मृदुला सिन्हा एक सफल राजनीतिज्ञ के अलावा लोक परंपराओं के बारे में भी लिखती रही हैं। लोक आस्था के महापर्व छठ महापर्व पर जब लिखती थीं, तो लगता था जैसे-गांव की मिट्टी की सोंधी सुगंध बिखर गई हो।
– एजेंसी