वियना। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में कत्लेआम हुआ है। वहां सोमवार शाम को लॉकडाउन लागू होने से पहले बाहर घूम रहे लोगों पर आतंकवादियों ने जमकर गोलियां बरसाईं। मुंबई में 2008 में हुए आतंकी हमले की तरह वियना में भी आतंकियों ने पब्लिक प्लेसेज को निशाना बनाया और अंधाधुंध फायरिंग की। इस आतंकी हमले में एक हमलावर समेत कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है और 15 घायल जख्मी हुए हैं।
वियना में कुल छह जगहों पर गोलीबारी हुई है। गृह मंत्री कार्ल नेहम्मर ने सरकारी प्रसारक ओआरएफ को बताया, ‘यह एक आतंकी हमला लगता है।’ उन्होंने कहा कि हमलावर राइफलों से लैस थे। सेना से शहर के अहम स्थलों की सुरक्षा करने को कहा गया है ताकि पुलिस हमलावरों का पीछा कर सके।
कोई डर नहीं, घूम-घूमकर लोगों को मारा
प्रत्यक्षदर्शी रब्बी स्क्लोमो होफमिस्टर ने बताया कि उन्होंने देखा कि सड़क पर बार के बाहर बैठे एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि हमारी इमारत के बाहर कम से कम 100 गोलियां चलाई गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सभी बारों ने बाहर मेजें लगा रखी थीं। यह लॉकडाउन लागू होने से ठीक पहले की शाम थी। होफमिस्टर ने कहा कि आधी रात से ऑस्ट्रिया में अगले एक महीने के लिए सभी बार और रेस्तरां बंद हो जाएंगे और इसलिए बहुत सारे लोग बाहर घूमना-फिरना चाहते थे।
हमले के बारे में क्या पता है?
पुलिस का कहना है कि गोलीबारी की ये घटना वियना के साइटेनस्टेटेनगास सिनेगॉग के पास हुई जो शहर का मुख्य यहूदी मंदिर है।
यहूदी समुदाय के एक नेता ऑस्कर ड्यूश ने ट्वीट किया कि हमला स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे हुआ जब सिनेगॉग बंद था।
ऑस्ट्रियाई मीडिया में बताया गया है कि सिनेगॉग की सुरक्षा कर रहा एक पुलिसकर्मी हमले में घायल हो गया।
अभी ये स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी में कितने हमलावर शामिल थे। स्थानीय मीडिया ने गृह मंत्रालय के हवाले से कहा है कि एक व्यक्ति को गिरफ़्तार कर लिया गया है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फुटेज में लोग भागते दिख रहे हैं।
फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर कहा है कि वियना में हमला दुखद है। मैक्रों ने कहा, ”फ़्रांस के बाद हमारे क़रीब देश ऑस्ट्रिया को निशाना बनाया गया है। हमारे दुश्मनों को पता होना चाहिए कि हम झुकेंगे नहीं और साथ मिलकर लड़ेंगे।”
-एजेंसियां